नई दिल्ली : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कुछ ताकतें हैं, जो भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ रही हैं। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि ऐसे लोगों को संस्थान के छात्रसंघ के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ भी देखा गया है।
केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कुछ दिन पहले ही वामपंथी समूहों ने जेएनयू छात्रसंघ चुनावों में सभी चार प्रमुख पद जीते हैं। भारतीय महिला प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान जेएनयू की पूर्व छात्र निर्मला सीतारमण से विश्वविद्यालय के घटनाक्रम के बारे में सवाल किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों में (जेएनयू में) जो चीजें हुई हैं, वे वास्तव में उत्साहजनक नहीं हैं…।’ रक्षा मंत्री ने कहा, ‘पुस्तिकाएं कहती हैं कि वे भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ रहे हैं।
उनकी विवरणिकाएं (ब्रोशर) ऐसा कहती हैं। नेतृत्व करनेवाले या छात्रसंघ के सदस्य खुले तौर पर ऐसी ताकतों के साथ शामिल होते हैं, इसलिए भारत विरोधी कहने में आपको संकोच करने की आवश्यकता नहीं है।’
