 
        नई दिल्ली । भारतीय अंडर-16 फुटबाल टीम ने मलेशिया अंडर-16 टीम को 2-0 से हरा दिया। मलेशिया में एक्सपोजर टूर पर भारत ने दोनों गोल पहले हाफ में किए। रोहित दानू ने 21वें मिनट में गोल दाग भारत को बढ़त दिलाई। 10 मिनट बाद गिव्सन सिंह ने भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।
दानू ने खाता खोलने से पहले कुछ प्रयास किए थे जिन्हें मलेशिया के डिफेंस ने नकार दिया। उन्हें हालांकि 21वें मिनट में सफलता मिली। 31वें मिनट में गिव्सन ने मौका जाया नहीं किया। दानू ने गेंद अपने पास ली और बॉक्स के बाएं कोने से गेंद को गिव्सन के पास पहुंचाया जिन्होंने भारत की बढ़त को दो गुना करने में ज्यादा देर नहीं लगाई।
दानू के पास पहले हाफ के अंत में अपना दूसरा गोल करने का मौका आया था, लेकिन वो सफल नहीं हो सके। दूसरे हाफ में भी दानू गोल करने का मौका गंवा बैठे। भारतीय कोच ने दूसरे हाफ के अंत में कुछ बदलाव किए, लेकिन तीसरा गोल नहीं हो सका।

 
         
        